बंद करना

    प्राचार्य

    “हम ऐसी शिक्षा चाहते हैं जिससे चरित्र का निर्माण हो, मन की शक्ति बढ़े, बुद्धि का विस्तार हो और व्यक्ति अपने पैरों पर खड़ा हो सके।” स्वामी विवेकानंद

    मेरे प्यारे विद्यार्थियों और सम्मानित अभिभावकगण!

    मैं, शशि कौशल, प्राचार्य, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय , बारीमुल,केंद्रापड़ा  के विद्यालय की वेबसाइट पर आपका  अपार हर्ष के साथ स्वागत करता हूं।

    पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, केंद्रापड़ा का लक्ष्य उच्च मानक स्तर की शिक्षा प्रदान करना है तथा आधुनिक जीवन की जटिलताओं  के मध्य विद्यार्थियों को रोजगार के नूतन अवसरों से परिचित कराना है ।  हम विद्यार्थियों को नवीन ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं एवं उन्हें आगे बढ़ाने के लिए अधिगम के नए स्रोतों से अवगत कराते हैं।  हमारा ध्येय जिम्मेदार, अनुशासित और धर्मनिरपेक्ष नागरिकों का निर्माण करना है, जो अपने सामाजिक, नैतिक और सांस्कृतिक दायित्वों के प्रति पूरी तरह जागरूक होंगे और मानवता के लिए असीम सेवा की इच्छा रखेंगे। हमारा दृष्टिकोण विद्यार्थियों को न केवल विषय ज्ञान प्रदान करना है बल्कि जीवन-कौशल, भावनात्मक बुद्धिमत्ता एवं सामाजिक चुनौतियों की गंभीरता के प्रति चिंतनशील बनाना भी है । हम युवाओं को खुशहाल, सुरक्षित और क्रियात्मक  वातावरण प्रदान कर अधिगम के लिए समान अवसर का सृजन करते हैं।

    हमारे प्रतिभाशाली एवं प्रशिक्षित शिक्षक गतिशील शिक्षण- पद्धतियों का उपयोग करते हैं, जो सैद्धांतिक ज्ञान और उनके वास्तविक दुनियां के अनुप्रयोग के बीच सकारात्मक संतुलन बनाते हैं तथा व्यावहारिक सीखने के अनुभवों को एकीकृत करने की तत्काल आवश्यकता को पूर्ण भी करते हैं । वास्तविक रूप से इसे ही  हम व्यापक रूप में 21 वीं सदी के ‘नूतन कौशल ‘की संज्ञा दे सकते है। हमारे शिक्षकों के शिक्षण का उद्देश्य शिक्षा के लिए  सूक्ष्म और समग्र दृष्टिकोण का मार्ग प्रशस्त करना है जो न केवल विद्यार्थियों  को अकादमिक सफलता के लिए तैयार करता है बल्कि उन्हें समकालीन परिवेश की मांग के लिए तैयार भी करता है।

    शिक्षकों का समूह इस बात पर भी जोर देता है कि तकनीकी प्रगति और जटिल वैश्विक चुनौतियों से भरे परिवेश में उनके उज्ज्वल भविष्य की प्राप्ति हो सके।

    मैं प्रसन्नता  एवं निष्ठा के साथ अभिभावकों के सहयोगात्मक स्वभाव की सराहना करता हूं एवं आप सभी के प्रति आभार ज्ञापित करता हूं, कि आपने अपने बच्चों के भविष्य निर्माण का कार्य एवं उनके ज्ञान -पोषण  का विशेषाधिकार हमें दिया है ।  हम इस दायित्व को बहुत गंभीरता से लेते हैं और एक सुरक्षित, समावेशी तथा आकर्षक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जहां हर बच्चा आगे बढ़ सके।